जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की पहल पर महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को मुसाबनी प्रखंड के गोहला पंचायत में किसान उत्पादक संगठन (FPO) से जुड़ी 78 महिला सदस्यों को डिजिटल क्यूआर कोड वितरित किया गया. एफपीओ में कुल 300 महिलाएं सदस्य हैं, जिनमें प्रथम चरण में 78 महिला उद्यमियों को क्यूआर कोड प्रदान किया गया.

क्यूआर कोड उपलब्ध कराने का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उत्पाद बेचने की प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाना है, ताकि महिला उद्यमी सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ सकें और अपने उत्पादों की बेहतर कीमत प्राप्त कर सकें.
गोहला पंचायत स्थित एफपीओ द्वारा लगभग 300 एकड़ भूमि पर व्यावसायिक खेती की जा रही है. इसमें सब्जियां और दलहन की खेती प्रमुख हैं, जिनमें गोभी, शिमला मिर्च, गाजर, मूली, मटर, अरहर, मूंग समेत अन्य दालें और मौसमी फसलें शामिल हैं. इस उत्पादन व्यवस्था में महिला किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण है, जो खेत प्रबंधन, प्रोसेसिंग और विपणन गतिविधियों को दक्षता से संचालित कर रही हैं.
गोहला पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने महिला उद्यमियों की प्रगति की सराहना की और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया. उन्होंने संबंधित विभागों को एफपीओ क्षेत्र में दाल मिल स्थापित करने के निर्देश दिए. दाल मिल की स्थापना से दलहन उत्पादन में वृद्धि होगी और स्थानीय महिलाओं के लिए प्रोसेसिंग, पैकिंग और विपणन में नए रोजगार अवसर सृजित होंगे.
उपायुक्त ने 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज को ग्राम संगठन को हस्तांरित करने की बात भी कही, ताकि इसका उपयोग कर किसानों को बेहतर भंडारण सुविधा प्रदान की जा सके. इससे सब्जियों और अन्य उत्पादों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी.
जिला प्रशासन की ओर से महिला किसानों और उद्यमियों को डिजिटल पेमेंट, ई–मार्केटिंग, उत्पाद ब्रांडिंग और पैकेजिंग, मूल्य संवर्धन, वित्तीय साक्षरता और उद्यम प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं सशक्त हो रही हैं और जिला प्रशासन हर संभव तकनीकी एवं बाजार आधारित सहयोग प्रदान करेगा. उन्होंने इसे ग्राम स्तर पर उद्यमिता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और आश्वासन दिया कि गोहला पंचायत में चल रही कृषि आधारित पहलों से स्थानीय आजीविका मजबूत होगी और महिला स्वावलंबन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
