
जमशेदपुर. बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. उन पर फर्जी बिलों के जरिए कथित रूप से टैक्स चोरी करने का आरोप है.


डीजीजीआई की जांच में अजय शर्मा का नाम स्क्रैप कारोबार से जुड़े उस कथित टैक्स चोरी नेटवर्क में सामने आया है, जिसमें पहले भी कई कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. जांच के दौरान उनका नाम स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता से जुड़े मामले में सामने आने के बाद डीजीजीआई की टीम ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया.
गिरफ्तारी के बाद डीजीजीआई की टीम अजय शर्मा को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची. मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
गौरतलब है कि इसी मामले में स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता करीब एक वर्ष से रांची जेल में बंद हैं. डीजीजीआई का दावा है कि अजय शर्मा की कथित संलिप्तता भी इसी नेटवर्क से जुड़ी हुई है. फिलहाल एजेंसी मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.





