जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप रविवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू पगला के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार वह बिष्टुपुर इलाके में कूड़ा चुनकर अपना जीवन यापन करता था और लंबे समय से क्षेत्र में रह रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संतोष अचानक सड़क किनारे गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस मृतक के परिजनों और उसके मूल निवास का पता लगाने का प्रयास कर रही है
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक




