जमशेदपुर: महिलाओं द्वारा संचालित संस्था बनश्री सरकार एवं ग्रुप के तत्वावधान में शनिवार को साकची स्थित बंगाल क्लब में दो दिवसीय ‘श्रीजनी कार्निवल’ का शुभारंभ हुआ. सामाजिक एवं सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष, बंग बंधु की अध्यक्ष अपर्णा गुहा और बंगाल क्लब के महासचिव सौम्य सेन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया.


कार्निवल के पहले दिन बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें जमशेदपुर के करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लिया. सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया. प्रतियोगिता के निर्णायक राजू मुखर्जी रहे.
महिला उद्यमियों के 15 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कार्निवल में शहर की 15 महिलाओं ने अलग-अलग स्टॉल लगाए हैं. इनमें आकर्षक परिधान, आभूषण और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई. महिला उद्यमियों द्वारा सजाए गए स्टॉल आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे. आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है.
स्थानीय कलाकारों ने सजाई संगीत की महफिल
शनिवार की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें जमशेदपुर के स्थानीय कलाकार सोमा बिस्वास, सर्वजया बनर्जी, सांप दासगुप्ता, कृष्णा पाल और मौसमी दासगुप्ता ने संगीत की प्रस्तुति देकर कार्निवल की शाम को सुरमयी बनाया.
रविवार को सौगत नंदी की प्रस्तुति
कार्निवल के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को चित्रांकन प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. वहीं रविवार की शाम कोलकाता के मशहूर प्लेबैक सिंगर सौगत नंदी अपनी संगीत प्रस्तुति देंगे. कार्यक्रम में बनश्री सरकार, शिल्पी सिंह, मौसमी दासगुप्ता सहित संस्था से जुड़े सदस्य और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

