चांडिल: अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय के नीचे लगा 25 KVA का ट्रांसफार्मर पिछले 10 दिनों से खराब पड़ा है. इससे करीब 45 घरों के अलावा स्कूल, होटल और आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो महीने से ट्रांसफार्मर में लगातार खराबी आ रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है.


ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर पर उपभोक्ताओं का लोड अधिक है. बार-बार खराबी आने से लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों की पढ़ाई के साथ स्कूल एवं स्थानीय व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है.
जिला परिषद उपाध्यक्ष और बिजली विभाग को दिया आवेदन
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष और बिजली विभाग को लिखित आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया है. ग्रामीणों की मांग है कि मौजूदा 25 KVA के ट्रांसफार्मर के स्थान पर 100 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बार-बार होने वाली खराबी से स्थायी राहत मिल सके.
‘मरम्मत नहीं, अब स्थायी समाधान चाहिए’
निजी स्कूल के शिक्षक मेघनाथ महतो ने कहा कि ट्रांसफार्मर में लगातार खराबी आने से स्कूल समेत आसपास के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने बिजली विभाग से जल्द 100 KVA का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत और मरम्मत के बावजूद यदि ट्रांसफार्मर खराब हो रहा है तो विभाग को इसकी क्षमता और वास्तविक लोड की जांच करनी चाहिए. ग्रामीण अब अस्थायी मरम्मत के बजाय समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं.

