जामताड़ा: मारवाड़ी युवा मंच, जामताड़ा शाखा एवं मारवाड़ी युवा मंच समृद्धि, जामताड़ा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में समाजसेवा और मानवता की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली. शिविर में 10 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद जगाई.


रक्तदान करने वालों में विशाल कुमार, नूपुर बर्नवाल, शालिनी गुटगुटिया, संजीव कुमार भैद्य, अलका अग्रवाल, प्रदीप कुमार अग्रवाल, आदित्य नारनोलिया, चेतन सुरेका, कपीश परसुरामका एवं रितिका परसुरामका शामिल रहे. आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की.
आयोजकों ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने में सहायक होता है. रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और यह समाज के प्रति सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की.
शिविर के दौरान “रक्तदान – जीवनदान” का संदेश दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी गंभीर मरीज के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है. ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं. यह रक्तदान शिविर मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





