जमशेदपुर/ Afroz Mallik सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई टाइगर मोबाइल के जवान मोहम्मद तबरेज खान एवं उनकी टीम की सतर्कता से संभव हो पाई.

जानकारी के अनुसार, ओल्ड बारीडीह कोसी रोड के पास एक युवक काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा था. गश्त के दौरान पुलिस की नजर उस पर पड़ी और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोका गया. तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 3 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान पिंकू कर्मकार के रूप में हुई है, जो परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर मछुआपाड़ा का निवासी है.
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी NDPS Act के एक मामले में पंजाब में जेल जा चुका है. घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आरोपी को सिदगोड़ा थाना लाकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी. स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.

