
जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, नशाखोरी, चैन स्नैचिंग और राहजनी की वारदातों को लेकर संयुक्त युवा संघ ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर हालात नहीं सुधरे तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा.


संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि साकची, बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, मानगो, टेल्को, सिदगोड़ा समेत शहर के कई इलाकों में चैन स्नैचिंग, मोबाइल छिनतई और राहजनी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है.
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शहर के कई चौक-चौराहों, पार्कों और सुनसान स्थानों पर नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. ये लोग राहगीरों, छात्राओं और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तथा नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, लूटपाट और चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
संयुक्त युवा संघ ने पुलिस प्रशासन से अड्डेबाजी पर पूर्ण रोक लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, ड्रग माफियाओं और नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल एंटी-स्नैचिंग स्क्वॉड गठित करने की मांग की है. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर अथवा संदिग्ध मोटरसाइकिलों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने की भी मांग उठाई गई है.
संगठन ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर कानून-व्यवस्था में सुधार, नशाखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता और महिलाओं के साथ थाना घेराव, सड़क जाम और चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. संयुक्त युवा संघ ने कहा कि अपराध और नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन को तत्काल कठोर कदम उठाने होंगे, ताकि शहर में सुरक्षित माहौल बहाल हो सके.
Edited By Sarita






