जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के बागानशाही इलाके से 39 वर्षीय परवेज आलम के लापता होने का मामला सामने आया है. परवेज आलम 6 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे अपने घर से निकले थे. इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटे हैं. काफी समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं.


परिजनों के अनुसार, परवेज आलम के अचानक लापता होने के बाद परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां उनकी तलाश की. आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.
इस संबंध में उनकी पत्नी सबा इशरत ने मानगो थाना में लिखित शिकायत देकर पति की तलाश कराने की गुहार लगाई है. साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को परवेज आलम के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों को सूचित करें.
परिजनों के अनुसार, लापता परवेज आलम की उम्र करीब 39 वर्ष है. उनका पता बागानशाही, स्टार किड स्कूल रोड नंबर-7, मानगो, जमशेदपुर बताया गया है. लापता होने के समय उन्होंने सफेद टी-शर्ट और पायजामा पहन रखा था. पहचान के लिए उनके चेहरे पर काले रंग का मस्सा भी है.
लगातार तलाश के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है. पत्नी सबा इशरत ने आम लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि परवेज आलम कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत परिजनों को सूचित करें.
परिजनों ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 6207891131 जारी किया है. परिवार को उम्मीद है कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से परवेज आलम का जल्द पता चल सकेगा और वह सकुशल अपने घर लौट आएंगे.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

