जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने प्लेसमेंट सत्र 2026 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित विभिन्न कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से अब तक 500 से अधिक छात्रों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है.


हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, डेटा मैनेजमेंट और बिजनेस डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों की कई नामी कंपनियों ने हिस्सा लिया. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार, समूह चर्चा और एचआर इंटरव्यू शामिल रहे.
प्लेसमेंट सेल के निदेशक मोहित कुमार ने बताया कि हाल के प्लेसमेंट ड्राइव में 70 से अधिक छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ है, जबकि कई छात्रों की चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार छात्रों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रहा है.
डालमिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने एमबीए विभाग के दो छात्रों का चयन मार्केटिंग मैनेजर पद के लिए किया, जहां उन्हें 6 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा. फोर्स मोटर्स लिमिटेड, पुणे ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग ट्रेनी पद के लिए 18 छात्रों का चयन किया, जिनका वार्षिक पैकेज 4 लाख रुपये निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा एलीएशंस प्राइवेट लिमिटेड, ईवाई प्राइवेट लिमिटेड, डेलॉयट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एयरटेल जैसी कंपनियों ने भी छात्रों को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं.
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण ही छात्रों की सफलता का आधार है. कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि कौशल विकास और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण के कारण छात्रों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं.
रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुख शिक्षा और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है. आने वाले समय में और बड़ी कंपनियों के साथ प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे. विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि आने वाले वर्षों में संस्थान का प्लेसमेंट रिकॉर्ड और अधिक मजबूत होगा.

