चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब 18 महीने से फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त सबीर अली उर्फ सन्नु बच्चा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी 10 दिसंबर 2024 को दर्ज एक गंभीर मामले में की गई है. गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष है और वह कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर स्थित मूसल दुकान के पास का निवासी है. आरोपी के पिता का नाम सकीर अली बताया गया है.
पुलिस के अनुसार यह मामला कपाली निवासी नाजिश जिया द्वारा दर्ज कराए गए लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया था. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि सबीर अली समेत चार लोगों ने मिलकर वादी पर जानलेवा हमला किया था. आरोपियों ने चाकू मारकर नाजिश जिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच कपाली ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी क्षेत्र में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया. बाद में आरोपी को जेल भेज दिया गया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है. उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसके सहयोगियों के संबंध में भी जांच कर रही है. इस छापेमारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू, टाइगर जवान एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट- अफ़रोज़ मल्लिक



