जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी स्थित असांगी चेक डैम में डूबे एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक चौथे वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन की तलाश में बुधवार को एनडीआरएफ की टीम गालुडीह बराज पहुंची. छात्र बीते रविवार को आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में स्नान के दौरान डूब गया था. घटना के बाद से एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन लगातार उसकी तलाश में जुटी है.



जानकारी के अनुसार, सोमवार से एनडीआरएफ की टीम ने विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. लगातार कई दिनों तक चले अभियान के बाद बुधवार को टीम गालुडीह बराज पहुंची. छात्र मीर तनवीर हसन पश्चिम बंगाल के बर्धवान जिले का निवासी है और एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक चौथे वर्ष का छात्र था. घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का आक्रोश भी देखने को मिला था. छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया था. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी जमशेदपुर पहुंचे थे और लगातार एनडीआरएफ व प्रशासन के साथ सर्च अभियान की जानकारी लेते रहे. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.





