पलामू: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार से पहले बुधवार को हुसैनाबाद स्थित उनके आवास पर भावुक दृश्य देखने को मिला. एक दिन की पैरोल पर जेल से रिहा होकर उनकी पत्नी रिया सिन्हा अपने पुत्र अक्षत के साथ घर पहुंचीं. आवास पहुंचते ही रिया सिन्हा पति के पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट- फूटकर रो पड़ीं. वहीं पुत्र अक्षत भी पिता के शव के पास गमगीन नजर आया.



सुजीत सिन्हा के अंतिम दर्शन के लिए परिजन, रिश्तेदार और परिचितों का घर पर लगातार पहुंचना जारी है. परिवार में शोक का माहौल है, जबकि अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार बुधवार को पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा. प्रशासन ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है.





