जमशेदपुर: मैरीन ड्राइव स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने अपने समर्थकों और साथियों के साथ माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अभय सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की जीवनी आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो चुकी है. उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज के गौरव नहीं थे, बल्कि मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले महान योद्धा थे.
उन्होंने कहा कि इतिहास में कुछ वामपंथी विचारकों द्वारा अकबर को महान बताकर आने वाली पीढ़ियों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया. अभय सिंह ने आरोप लगाया कि अकबर ने अपनी नीतियों के तहत लालच और दबाव के माध्यम से लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया, जबकि महाराणा प्रताप ने कभी भी अधीनता स्वीकार नहीं की और अंतिम समय तक संघर्ष करते रहे.
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चाहते तो अकबर की अधीनता स्वीकार कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपनी मातृभूमि और स्वाभिमान के लिए संघर्ष का रास्ता चुना. अभय सिंह ने यह भी कहा कि भारत आने पर वियतनाम के प्रधानमंत्री ने मेवाड़ जाकर उस भूमि को नमन किया था, जहां महाराणा प्रताप जैसे महानायक ने जन्म लिया था.
भाजपा नेता ने कहा कि देश के प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में महाराणा प्रताप की जीवनी पढ़ाई जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी देशभक्ति, साहस और आत्मसम्मान की भावना से प्रेरित हो सके. कार्यक्रम में झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, चंद्रगुप्त सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



