जमशेदपुर: कर्नाटक के बीदर शहर में हुए एटीएम कैश वाहन लूटकांड की जांच के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस की टीम ने मंगलवार को जमशेदपुर के सोनारी स्थित परदेशी पाड़ा में छापेमारी की. पुलिस टीम ने उन किराए के मकानों की तलाशी ली, जहां मामले में गिरफ्तार आरोपी आलोक सिंह उर्फ अंबानी और अमन सिंह के रहने की जानकारी मिली थी. दोनों आरोपी बिहार के वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.


जानकारी के अनुसार, कर्नाटक पुलिस ने दोनों आरोपियों को पहले वैशाली जिले से गिरफ्तार किया था. पूछताछ और जांच के दौरान उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद किए जाने की बात सामने आई है. वहीं, आलोक सिंह के पास मौजूद बाइक की पेट्रोल टंकी से दो जिंदा गोलियां मिलने की भी जानकारी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आलोक सिंह अप्रैल में अपनी पत्नी और करीब दो साल की बेटी के साथ परदेशी पाड़ा में किराए के मकान में रहने आया था. वह मानगो स्थित एक सोफा दुकान में काम करने की बात बताता था. वहीं अमन सिंह भी पास के एक अन्य किराए के मकान में रहता था.
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पिछले कुछ दिनों से घर से बाहर थे. आलोक की पत्नी भी करीब तीन दिन पहले यह कहकर घर से निकली थी कि आलोक का सड़क हादसा हो गया है.
कर्नाटक पुलिस के अनुसार, जनवरी 2025 में बीदर शहर में एटीएम कैश वाहन को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. इस दौरान सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और वाहन में रखे करीब 93 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे.
इसी मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए कर्नाटक पुलिस जमशेदपुर पहुंची और सोनारी में आरोपियों के पुराने ठिकानों की तलाशी ली. पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य आरोपियों के स्थानीय संपर्क, हथियारों और लूट की रकम से जुड़े संभावित सुराग जुटाना बताया जा रहा है. फिलहाल कर्नाटक पुलिस की जांच जारी है. पुलिस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका और लूट की रकम के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

