सरायकेला: पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खरकाई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदी का पानी अब किनारे के इलाकों में फैलने लगा है. सरायकेला में महिला महाविद्यालय, बस स्टैंड, श्मशान घाट और खरकाई नदी किनारे बना पार्क भी पानी की चपेट में आ गया है.


खरकाई नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ नदी किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. नदी किनारे लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया पार्क पानी में डूब गया है. वहीं महिला महाविद्यालय, बस स्टैंड और श्मशान घाट के आसपास भी बढ़ते जलस्तर का असर साफ दिखाई दे रहा है.
लगातार बारिश के कारण यदि खरकाई नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो सरायकेला नगर क्षेत्र के अन्य निचले इलाकों में भी बाढ़ का पानी पहुंचने की आशंका बढ़ सकती है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है.
प्रशासन की ओर से लोगों से नदी के किनारे जाने और बढ़ते पानी को देखने के लिए भीड़ लगाने से बचने की अपील की गई है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने को कहा गया है.
बारिश के बीच नदी का बहाव अचानक तेज हो सकता है. ऐसे में लोग पानी की स्थिति देखने या उसका वीडियो बनाने के लिए नदी के करीब जाने का जोखिम नहीं उठाएं.
फिलहाल सरायकेला में सबसे बड़ी चिंता लगातार बारिश और बढ़ता खरकाई नदी का जलस्तर है. यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले घंटों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर बनी हुई है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

