सोनुआ: लगातार हो रही बारिश के कारण सोनुआ-गोइलकेरा मार्ग पर एक बार फिर आवागमन प्रभावित हो गया है. एनएच-320 डी पर झाड़गांव-चांदीपोस पुलिया के ऊपर से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है. सोमवार देर रात से सड़क यातायात बाधित है और मंगलवार को सुरक्षा कारणों से गोइलकेरा से सोनुआ और चक्रधरपुर आने-जाने वाली दो स्कूल बसों का परिचालन रद्द कर दिया गया.


पुलिया के ऊपर पानी बहने के कारण गोइलकेरा और सोनुआ के अलावा मार्ग में पड़ने वाले कई गांवों के बच्चे मंगलवार को बसों से स्कूल नहीं जा सके. वहीं निजी वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है.
पानी का बहाव बढ़ने के कारण सड़क के दोनों ओर चार पहिया वाहनों समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई. यातायात पूरी तरह प्रभावित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
यह मार्ग मनोहरपुर के रास्ते सीधे ओडिशा को जोड़ता है. ऐसे में पुलिया पर पानी आने से अंतरराज्यीय आवागमन भी प्रभावित हो गया है.
हर साल बारिश में यही परेशानी, करोड़ों का पुल बना शो पीस
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में झाड़गांव-चांदीपोस पुलिया के ऊपर पानी बहने से आवागमन बाधित होता है. इसके बावजूद बगल में करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए नए पुल का एप्रोच अब तक तैयार नहीं किया गया है.
नए पुल का एप्रोच नहीं बनने के कारण करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पुल का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है और वह ‘शो पीस’ बनकर रह गया है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नए पुल के एप्रोच का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि हर साल बारिश में होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिल सके.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

