सरायकेला: लगातार दो दिनों से हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सरायकेला पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार ने पुलिस टीम के साथ शहरी और ग्रामीण इलाकों का निरीक्षण किया.


इस दौरान जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी, नाला और तालाब के आसपास की स्थिति का जायजा लिया गया. थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें सावधानी बरतने की अपील की.
पुलिस ने खासकर बच्चों और बुजुर्गों को जलस्रोतों से दूर रखने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि पानी का स्तर देखने या वीडियो बनाने के लिए भी नदी-नाले के किनारे न जाएं, क्योंकि तेज बारिश के दौरान जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है.

खरकाई नदी समेत क्षेत्र के अन्य जलस्रोतों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है. थाना प्रभारी ने कहा बारिश के बीच नदी- नाले और तालाब के किनारे जाने का रोमांच नहीं, थोड़ी सी सावधानी ही जिंदगी बचा सकती है.

