
जमशेदपुर: शहर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को प्रस्तावित बंद से पहले पुलिस जहां कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़कों पर फ्लैग मार्च कर रही थी, वहीं दूसरी ओर कदमा थाना क्षेत्र में बीती रात हुई गोलीबारी की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


नए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के नेतृत्व में साकची, बिष्टुपुर समेत कई इलाकों में देर रात तक फ्लैग मार्च निकाला गया, लेकिन इसी दौरान कदमा के रामजनम नगर में एक युवक को गोली मार दी गई.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे पुरानी रंजिश और गैस सिलेंडर को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि दो ममेरे भाइयों ने पेंटर संजय तांडी के साथ पहले मारपीट की और फिर उस पर गोली चला दी. गोली संजय के जबड़े को चीरते हुए आर-पार निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल संजय तांडी ने साहस का परिचय देते हुए घटनास्थल से ही गोली का खोखा उठाया और लहूलुहान अवस्था में स्वयं एमजीएम अस्पताल पहुंच गया. अस्पताल पहुंचने तक उसके मुंह से लगातार खून बह रहा था. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत पर निगरानी शुरू कर दी है.
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. घायल ने हमले का आरोप अपने पड़ोसी और ममेरे भाइयों कृष्णा सोना तथा अनिल सोना पर लगाया है. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और गैस सिलेंडर विवाद घटना का कारण प्रतीत हो रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इधर, फ्लैग मार्च के दौरान हुई इस गोलीबारी ने शहर की बिगड़ती कानून- व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है. नए एसएसपी के लिए पदभार संभालने के साथ ही अपराध पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है.
Edited By Sarita





