
जमशेदपुर: शहर में गिरती कानून-व्यवस्था और करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का असर शुक्रवार सुबह से ही दिखाई देने लगा. बंद की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतर आए और बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा दुकानों को बंद कराने की अपील की.


भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची, बिष्टुपुर, मानगो, कदमा, बर्मामाइंस, गोलमुरी, परसुडीह, टेल्को, जुगसलाई, सीतारामडेरा सहित शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में जुलूस निकाला. इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से स्वेच्छा से बंद का समर्थन करने की अपील की.
भाजपा नेताओं का कहना है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. लगातार हो रही हत्या, चापड़बाजी, लूट, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल है. उनका आरोप है कि राज्य सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में विफल रही है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है. शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार गश्ती और निगरानी की जा रही है, ताकि कानून- व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. भाजपा नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर किया जा रहा है. वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.
Edited By Sarita





