
जमशेदपुर: शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने इस शैक्षणिक सत्र से पांच वर्षीय एकीकृत BA-LLB पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है. विश्वविद्यालय में इस नए कोर्स के लिए 60 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. इससे झारखंड और आसपास के राज्यों के विद्यार्थियों को अब जमशेदपुर में ही गुणवत्तापूर्ण कानूनी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.


विश्वविद्यालय में वर्ष 2019 से LLB और BBA-LLB पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं, जबकि वर्ष 2022 से LLM की पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है. अब BA-LLB की शुरुआत के साथ विधि शिक्षा का दायरा और विस्तृत हो गया है.
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि यह पाठ्यक्रम संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे योग्य और संवेदनशील विधि विशेषज्ञ तैयार करना है, जो न्याय व्यवस्था और समाज को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें.
कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने बताया कि विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा. इसके लिए विश्वविद्यालय में आधुनिक मूट कोर्ट और समृद्ध लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इच्छुक विद्यार्थियों से जल्द नामांकन कराने की अपील की है, क्योंकि इस पाठ्यक्रम में केवल 60 सीटें उपलब्ध हैं.
Edited By Sarita





