
जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टेल्को स्थित हिल व्यू स्कूल में रविवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था.


कार्यक्रम की शुरुआत योग गुरु निरंजन सिंह के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास से हुई. उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया. इस दौरान उन्होंने नियमित योग के लाभ बताते हुए कहा कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाता है.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत योगासन रहा. नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ विभिन्न योग मुद्राओं का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं. बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया.
विद्यालय के सचिव शाह आलम खान ने कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है. यदि बच्चे बचपन से ही योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो वे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बन सकते हैं.”
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष अशरफ सिद्दीकी ने योग गुरु निरंजन सिंह, विद्यार्थियों, प्राचार्या एवं सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करते हैं.
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या शुक्ला मजूमदार, उप-प्राचार्या लुबना सिद्दीकी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन नियमित योग, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच अपनाने के संकल्प के साथ हुआ.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






