
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके साथ घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की गई है.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को बताया कि बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/2026 में 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के समीप हुए जानलेवा हमले के मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था. टीम तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही थी.
उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में पुलिस ने राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र उर्फ घेरे (40 वर्ष) और गणेश मछुवा (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ के दौरान गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (JH05EH6474) बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार, गणेश मछुवा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र कुमार उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गणेश मछुवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





