
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी में शनिवार शाम पीएचईडी विभाग की पाइपलाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जहां करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे एक अन्य मजदूर भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा- तफरी मच गई. घायल मजदूर का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.


घटना श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के समीप उस समय हुई, जब पीएचईडी विभाग की ओर से पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गड्ढे में जमा पानी को मोटर पंप से बाहर निकाला जा रहा था. इसी दौरान 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव पाइप उठाकर कार्य कर रहे थे कि अचानक करंट की चपेट में आ गए. आशंका है कि मोटर पंप के बिजली के केबल में लीकेज होने से गड्ढे के पानी में करंट फैल गया था. पानी के संपर्क में आते ही चेतन यादव बेहोश होकर गिर पड़े.
साथी मजदूरों ने जब उन्हें गिरते देखा तो बचाने के लिए दौड़े. इस दौरान अर्जुन यादव भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए. इसके बाद अन्य मजदूरों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर दोनों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चेतन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन यादव का इलाज जारी है.
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशाम गांव के निवासी बताए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई.
सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे बिजली के केबल में तकनीकी खराबी अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato





