जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में रविवार को पटमदा सर्किल डीएसपी दयानंद कुमार ने समाज के हर वर्ग से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. कार्यक्रम में धर्मगुरु, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, शांति समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए.


मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डीएसपी दयानंद कुमार ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार और परामर्श के माध्यम से सामान्य जीवन की ओर लौटाने में सहयोग करें.
डीएसपी ने आज़ादनगर क्षेत्र की मस्जिदों के इमामों और उलेमाओं द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाओं की भूमिका सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए.
कार्यक्रम में मदीना मस्जिद के इमाम ओवैश रज़ा अज़हरी, शम्साद क़ादरी, अब्दुल मलिक मिस्बाही, असलम रब्बानी, इमाम रजाउद्दीन और इमाम समीर आलम फ़ैज़ी सहित अन्य धर्मगुरुओं के योगदान की भी प्रशंसा की गई. सभी ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया.
आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर डीएसपी दयानंद कुमार ने कहा कि सभी लाइसेंसधारकों और आयोजन समितियों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मुहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाने की अपील भी की गई.
कार्यक्रम में स्कूल एडमिनिस्ट्रेटर नासिर खान ने डीएसपी का स्वागत किया, जबकि आज़ादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान ने क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद जताई. इस दौरान डॉ. निधि श्रीवास्तव, सुश्रीता रॉय, प्रोफेसर अहमद बद्र, ज़ेबा परवीन, इरफाना खातून, डॉ. अलाय अली, रज़ी नौशाद, अपूर्वा पॉल, ताहिर हुसैन और अशफ़ाक़ आलम समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
वक्ताओं ने आज़ादनगर थाना प्रभारी दीपक रौशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाने का सामूहिक संकल्प लिया.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

