जमशेदपुर: केस मैनेज कराने का भरोसा देकर पहले युवक को बुलाया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर कथित रूप से उससे नकदी, बाइक और मोबाइल फोन छीन लिए. एमजीएम थाना पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं.


गिरफ्तार आरोपियों में कोलकाता निवासी बंटी गुहा (38) और मानगो निवासी इम्तियाज खान (32) शामिल हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
केस संभाल देंगे’, इसी भरोसे में पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार बिरेन दास को कुछ लोगों ने उसका केस मैनेज कराने की बात कहकर गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित एक सुनसान जगह पर बुलाया था. आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे डरा-धमकाकर 25,600 रुपये नकद, स्प्लेंडर बाइक (JH05DJ 0785) और दो मोबाइल फोन छीन लिए गए. घटना के बाद बिरेन दास की शिकायत पर 13 सितंबर को एमजीएम थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज किया गया.
*बाइक की पहचान छिपाने के लिए बदल दिया नंबर*
मामले की जांच के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य और मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों तक टीम पहुंची. पुलिस ने जब बाइक बरामद की तो उस पर मूल नंबर JH05DJ 0785 के स्थान पर WB05DG 0876 की नंबर प्लेट लगी मिली. पुलिस का आरोप है कि बाइक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट बदली गई थी.
आरोपियों के पास से पीड़ित के दो सैमसंग मोबाइल फोन और एक कीपैड फोन भी बरामद किया गया. इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए जाने का दावा करते हुए रियलमी और रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
बंटी गुहा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक बंटी गुहा के खिलाफ पहले से कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा, परसुडीह और कांड्रा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस उसके पुराने मामलों और वर्तमान घटना के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इनके अलावा और कौन लोग शामिल थे. मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है.

