
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार शाम शहर के विभिन्न हिस्सों में मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित शर्मा के नेतृत्व में त्रिवेणी टॉवर चौक से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए.


प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है.
भाजपा नेताओं ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा.
इसी क्रम में भाजपा ने शुक्रवार, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. पार्टी ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है. भाजपा के इस बंद को आजसू पार्टी ने भी समर्थन देने की घोषणा की है. आजसू नेताओं ने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरे समाज का विषय है और अपराध के खिलाफ सभी को एकजुट होना चाहिए.
उधर, प्रस्तावित बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





