
पाकुड़: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के इशाकपुर गांव में पुलिस टीम पर पथराव कर हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गुरुवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की शिकायत पर गश्ती दल इशाकपुर तालाब के पास महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने तथा गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचा था. इसी दौरान पुलिस ने आलमगीर आलम नामक युवक को हिरासत में लिया.
पुलिस जब आलमगीर आलम को थाना लेकर जा रही थी, तभी उसके घर और आसपास के लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर आरोपी को छुड़ा लिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आलमगीर आलम. उसके चाचा रेजाबुल शेख उर्फ एजाबुल शेख तथा उसकी मां मंजिला बीबी को गिरफ्तार कर लिया. तीनों इशाकपुर नया टोला के निवासी हैं.
इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 83/26 दर्ज किया गया है. भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस.) की विभिन्न धाराओं के तहत 10 नामजद तथा 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने. सरकारी सेवक पर हमला करने तथा आरोपी को छुड़ाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट:शुभम मिश्रा





