चाईबासा: जिले के सोनुआ प्रखंड के निश्चिंतपुर स्थित एसएस पब्लिक स्कूल (सुखदेव शास्वत पब्लिक विद्यालय) में मंगलवार को शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. विद्यालय परिसर में नए कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया. साथ ही बच्चों के शैक्षणिक विकास और भविष्य को लेकर अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की गई.

कंप्यूटर लैब का उद्घाटन नवीन चंद्र महतो, विद्यालय सचिव मुकेश महतो, केदारनाथ नायक एवं प्राचार्य विवेक राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना आज की सबसे बड़ी जरूरत है.
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस कंप्यूटर लैब का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़कर डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है. विद्यालय के छात्र नियमित रूप से कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करेंगे. साथ ही क्षेत्र के अन्य स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी यहां आकर कंप्यूटर की जानकारी हासिल कर सकेंगे.

उद्घाटन के बाद आयोजित अभिभावक बैठक में बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, समय प्रबंधन और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे घर पर भी बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें और उन्हें तकनीक का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित करें.
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से बाबिता अग्रवाल, सीमा प्रधान, शिली साहू, पूजा गोप, निहारिका प्रधान, लवली दास, हेमा भांज, कंप्यूटर शिक्षक नवनीत वर्मन, अभिषेक प्रधान समेत कई शिक्षक- शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



