
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में कथित धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.


पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था. बैंक अधिकारियों पर विश्वास करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया.
आरोप है कि जब मकान निर्माण के लिए उन्होंने अपनी निवेश राशि निकालने का प्रयास किया. तब बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं. इस पर उन्होंने शाखा प्रबंधक से जानकारी मांगी. लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब देने के बजाय अलग-अलग बातें बताकर टाल दिया गया.
बदल कुमार कुंडू का कहना है कि उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी दी थी. इसके बावजूद अब तक न तो उनकी समस्या का समाधान किया गया और न ही उनकी जमा राशि वापस की गई.
पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों द्वारा उनकी मेहनत की कमाई का गबन किया गया है. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है.
फिलहाल इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.





