
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को बिरसानगर थाना क्षेत्र से तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर दबोचा गया. वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.


गौरतलब है कि 8 जुलाई की शाम गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल बच्चा की डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी. मृतक के भाई के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच के लिए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी में एएसपी (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.
पुलिस इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब मुख्य आरोपी विक्की सिंह की गिरफ्तारी को जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है.
पूछताछ में विक्की सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से चोरी, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.





