
जामताड़ा: दुमका रोड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान जामताड़ा के डंगाल आदिवासी टोला (मस्जिद के पास) निवासी विनोद मुर्मू के रूप में हुई है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार की ओर से एक ट्रक धीमी गति से आ रहा था. इसी दौरान उदलबनी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ग्लैमर बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसका बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया.
घटना के समय वहां से गुजर रहे बजरंग दल के जिला संयोजक राकेश पाल ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर थाना ले आई. मामले की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





