चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला खनन कार्यालय ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार तड़के सोनुआ थाना क्षेत्र में खनन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे तीन वाहनों को जब्त किया है.

जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक देवानंद शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार सुबह करीब 3 बजे सोनुआ के वैधमारा रेलवे फाटक के पास औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस दौरान वहां से गुजर रहे तीन संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की गई.
जांच के दौरान वाहन चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और चालान मांगा गया, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया.
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, जब्त किए गए वाहनों पर करीब 120 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ था. कार्रवाई के बाद तीनों वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सोनुआ थाना के सुपुर्द कर दिया गया है.
खनन विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. खान निरीक्षक देवानंद शर्मा ने कहा कि जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे माफियाओं के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



