जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम एक रोहित महतो नामक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक मूल रूप से धनबाद जिले के जामाडोबा का रहने वाला था. वह करीब 10 से 15 दिन पहले ही जमशेदपुर आया था और अपने रिश्तेदार के घर रहकर रोजगार की तलाश कर रहा था.


मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम युवक घर में अकेला था. इसी दौरान उसके दोस्तों के वहां पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई. दोस्तों ने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी. इसके बाद मकान मालिक के कहने पर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
मोबाइल चैटिंग से प्रेम प्रसंग की आशंका, पुष्टि नहीं
मृतक के दोस्तों ने प्रेम प्रसंग से जुड़े कारणों की आशंका जताई है. उनका कहना है कि युवक के मोबाइल फोन पर हुई चैटिंग के आधार पर ऐसी आशंका सामने आई है. हालांकि, इसकी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

