कोडरमा: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए विस्फोटक कांड की जांच के सिलसिले में गुरुवार को कोडरमा जिले के डोमचांच, नवलशाही और कोडरमा थाना क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान NIA ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न विस्फोटक भंडारण स्थलों की जांच की और दस्तावेजों की पड़ताल की.



प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में बांकुड़ा में मोटरसाइकिल से विस्फोटक ले जाने के दौरान हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. जांच के दौरान NIA को कथित तौर पर जानकारी मिली कि विस्फोटक धनबाद के रास्ते बांकुड़ा ले जाया जा रहा था और इसकी आपूर्ति कोडरमा से हुई थी. इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई.

सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. यह भी बताया जा रहा है कि शंकर यादव के घर से करीब 16 लाख रुपये नकद और जमीन से संबंधित 22 एग्रीमेंट दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
मैगजीन के गार्ड और शंकर यादव की पत्नी ने भी बताया कि NIA की टीम ने दोनों लोगों को पूछताछ के लिए साथ ले गई है तथा विस्फोटक मैगजीन की जांच की जा रही है.
मामले में छापेमारी में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने भी नकदी और जमीन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए जाने की जानकारी दी. वहीं बताया जा रहा है कि NIA की अलग-अलग टीमें जिले के अन्य स्थानों पर भी जांच और छापेमारी कर रही हैं.
हालांकि, NIA की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हिरासत, बरामदगी और जांच से जुड़ी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि एजेंसी की ओर से होना अभी बाकी है.





