चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी से नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला जारी है. पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद अब चांडिल प्रखंड की पूर्व प्रमुख अमला मुर्मू ने भी आजसू से इस्तीफा दे दिया है. शुक्रवार को सामने आए इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.


अमला मुर्मू की आदिवासी समुदाय और महिलाओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है. ऐसे में उनके इस्तीफे को चांडिल क्षेत्र में आजसू के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है.
हरेलाल के बाद अमला मुर्मू के इस्तीफे से बढ़ी चर्चा
उल्लेखनीय है कि आजसू के पूर्व केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद 11 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है. इस बीच अमला मुर्मू का भी पार्टी छोड़ना ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बदलते राजनीतिक समीकरणों की ओर ध्यान खींच रहा है.
हालांकि, अमला मुर्मू ने किन कारणों से इस्तीफा दिया और उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की घोषणा भी नहीं की है.
लगातार सामने आ रहे इस्तीफों के बीच अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आजसू नेतृत्व ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में संगठन को लेकर आगे क्या कदम उठाता है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

