चांडिल:आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर परिषद कपाली क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान समाप्ति तिथि पार कर चुके खाद्य उत्पादों को बिक्री से हटवाकर नियमानुसार नष्ट कराया गया.


पनीर, छेना और मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार एवं विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, संभावित मिलावट, साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण की जांच की गई. टीम ने पनीर, छेना एवं अन्य खाद्य पदार्थों का मौके पर परीक्षण किया. साथ ही मिठाइयों में औद्योगिक अथवा अमान्य रंगों के इस्तेमाल की भी जांच की गई.
स्वच्छता में कमी मिलने पर कारोबारियों को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और सैनिटेशन से संबंधित कमियां पाई गईं. इस पर संबंधित कारोबारियों को परिसर की नियमित सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा उपकरणों एवं कार्यस्थल की स्वच्छता में सुधार करने का निर्देश दिया गया. भोजन तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने की सलाह भी दी गई.
सुरक्षित पेयजल के इस्तेमाल पर जोर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं तैयारी में इस्तेमाल होने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कारोबारियों से वैध जल परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध रखने और सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने को कहा गया. साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई.
आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा. जांच के दौरान पाई गई कमियों को दूर नहीं करने अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

