जमशेदपुर: शहर में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ जुगसलाई थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजादनगर निवासी 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा के रूप में हुई है.


डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका. तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त खांचे से दो पिस्टल मैगजीन और चार जिंदा 7.65 एमएम कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और वाहन को भी जब्त कर लिया.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आपराधिक तत्वों और गिरोह के सदस्यों तक हथियार और कारतूस पहुंचाने का काम करता था. पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है.
इस मामले में जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की संभावना है. शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई रोकने की दिशा में इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

