चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने व्यापक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया.


निरीक्षण के क्रम में पंजी-2 सुधार, मोटेशन तथा अन्य राजस्व मामलों में पाई गई त्रुटियों पर अपर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुराने और लंबित मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए.
अपर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी को पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पंजी-2 सुधार और अन्य राजस्व मामलों के समाधान के लिए गांवों में कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाए, ताकि आम जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
जयवर्धन कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान है. किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक लंबितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा जनता से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निष्पादित करने का निर्देश दिया गया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

