कांड्रा:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” को केंद्र में रखते हुए साइकिल रैली, पौधरोपण अभियान, जागरूकता व्याख्यान एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए.


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं एपीएनआरएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है. ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं.

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएन सिंह, राजेश कुमार शर्मा तथा अजय बांगड़े ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के उपायों पर अपने विचार रखे. उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.
इस अवसर पर एपीएनआरएल के पर्यावरण विभाग की ओर से लगभग पांच किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली गई. रैली को सीईओ अरुण कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रैली में शामिल प्रतिभागियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली का संदेश दिया.

इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया. सभी प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने और प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी ली.
विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के तहत पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, रंग भरो एवं कलाचित्र प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विभाग प्रमुख कमलेश कुमार झा ने किया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



