जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल के समीप सोमवार शाम रंगदारी की मांग को लेकर हुई हिंसक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. बदमाशों ने एक दुकानदार से कथित तौर पर रंगदारी मांगी और विरोध करने पर चापड़ से हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार. कुछ युवक हथियारनुमा चापड़ लेकर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से पैसे की मांग करने लगे. दुकानदार द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. हमले में दुकानदार के हाथ में गंभीर चोट आई.
स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचने की कोशिश की. भीड़ जुटती देख हमलावर भागने लगे. बताया जा रहा है कि घटना में शामिल युवकों का नेतृत्व नंदू लोहार कर रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया. जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए. घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. जहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी वसूली के प्रयास से जुड़ा माना जा रहा है. फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भय का माहौल है. उन्होंने इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.





