
सरायकेला: चाईबासा मुख्य मार्ग पर हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई. तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.


घायलों की पहचान पहाड़पुर निवासी गणेश रंजन पाड़ेया उम्र 18 वर्ष और नारायण सिंह गोड़सोरा उम्र 22 वर्ष के रूप में की गई है. दोनों युवक वर्तमान में हंसाउड़ी में रहकर काम करते हैं. जानकारी के अनुसार दोनों बाइक से पहाड़पुर जा रहे थे. जैसे ही वे हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे. मौके पर अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार गणेश रंजन पाड़ेया का एक पैर टूट गया है. जबकि नारायण सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सरायकेला चाईबासा मुख्य मार्ग पर जगह जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं और सड़क किनारे अनियोजित कट भी दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं. वाहन चालक गड्ढों से बचने के लिए अचानक दिशा बदलते हैं और कई जगहों पर कट से वाहन अचानक सड़क पार कर जाते हैं. इसी कारण लगातार हादसे हो रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि हंसाउड़ी पेट्रोल पंप क्षेत्र अब दुर्घटना संभावित जोन बन चुका है. इसके बावजूद सड़क मरम्मत और यातायात सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और चालक की पहचान की जा सके. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक और चालक की पहचान कर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत और अवैज्ञानिक कटों को नियंत्रित नहीं किया गया तो यह मार्ग और अधिक जानलेवा साबित हो सकता है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


