चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोनुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ अभियान का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सोमनाथ उरांव की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया.

अभियान के तहत लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा करने, जागरूक रहने और सामाजिक झिझक को दूर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड उपप्रमुख रचना महतो ने ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ प्रखंड के विभिन्न गांवों और पंचायतों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े संदेश देगा.

कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता नवनीत कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जल सहियाओं और अन्य प्रतिभागियों को अभियान की सफलता के लिए सामूहिक शपथ दिलाई. इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े नारे भी लगाए गए. शपथ के माध्यम से सभी ने ग्रामीण महिलाओं, किशोरियों और युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी रूढ़ियों, भ्रांतियों और झिझक को दूर करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, जल सहिया, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और इस दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं.
प्रशासन को उम्मीद है कि ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



