चतरा: हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद दिव्या कुमारी के शव मामले में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता और दिव्या के प्रेमी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त टोयोटा कार भी जब्त कर ली गई है.



एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में बताया कि राहुल यादव गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव का निवासी है. उसे शेरघाटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. इससे पहले हत्या को अंजाम देने के आरोपी नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध. दर्ज हुआ था मामला.
पुलिस जांच में सामने आया कि दिव्या कुमारी और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. आरोप है कि राहुल ने शादी का झांसा देकर दिव्या से संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दिव्या ने राहुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन था.
केस वापस लेने का बना रहा था दबाव.
पुलिस के अनुसार राहुल लगातार दिव्या पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था, लेकिन दिव्या इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी बीच अदालत में उसके बयान की तिथि नजदीक थी. राहुल को आशंका थी कि यदि दिव्या उसके खिलाफ गवाही देती है तो उसे सजा हो सकती है.
दो लाख की सुपारी देकर रची हत्या की साजिश
जांच में पुलिस का दावा है कि राहुल यादव ने गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार नेपाली गंझू ने पहले जादू-टोना से दिव्या को नुकसान पहुंचाने का दावा किया. जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने राहुल के साथ मिलकर कथित रूप से दिव्या की गला घोंटकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद शव को जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके.
तकनीकी साक्ष्यों से खुली साजिश
पुलिस ने बताया कि नेपाली गंझू की गिरफ्तारी, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ. इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव की तलाश शुरू की गई और लगातार छापेमारी के बाद उसे शेरघाटी से गिरफ्तार कर लिया गया.
इस अभियान में हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे.





