
हजारीबाग: पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 25 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डांढ़ गांव में ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. रिजवान और मो. रफीक को गिरफ्तार किया. तलाशी में दोनों के पास से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह नशीला पदार्थ डांढ़ गांव निवासी छोटन साव से खरीदा था.
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटन साव को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इस तरह कुल लगभग 25 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई.
पुलिस ने कटकमसांडी थाना कांड संख्या 109/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita





