
कांड्रा: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में कांड्रा थाना क्षेत्र में विशेष सड़क सुरक्षा एवं कानून- व्यवस्था अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस ने कांड्रा बाजार में आम नागरिकों और दुकानदारों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़कों पर अवैध रूप से वाहन पार्क नहीं करने तथा दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की.


पुलिस ने लोगों को बताया कि सड़क पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. अभियान के दौरान कई लोगों को समझाइश भी दी गई.
हालांकि, पुलिस की इस पहल के बीच स्थानीय लोगों ने कांड्रा बाजार की वर्षों पुरानी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया. ग्रामीणों का कहना है कि कांड्रा मेन रोड पर कई दुकानदार नालियों के ऊपर अस्थायी दुकानें लगाकर अतिक्रमण किए हुए हैं. इसके कारण पैदल चलने वालों के लिए रास्ता नहीं बचता और उन्हें मजबूरन मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

ग्रामीणों ने बताया कि कांड्रा बाजार में किसी प्रकार की सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को अपनी बाइक और अन्य वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं. इससे अक्सर बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. सबसे अहम बात यह है कि कांड्रा मेन रोड पर चार बैंक संचालित हैं, लेकिन किसी भी बैंक में ग्राहकों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होती है.
इसके अलावा कांड्रा की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर बनी हुई है. जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़क के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक पार्किंग की समुचित व्यवस्था, नालियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सड़क की मरम्मत नहीं होगी, तब तक केवल जागरूकता अभियान से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि कांड्रा बाजार की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए स्थायी पार्किंग का निर्माण कराया जाए, नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए तथा जर्जर मुख्य सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि बाजार आने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





