
गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुधीर साहू, निवासी कल्यानडीह, के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, सुधीर साहू शनिवार से घर से लापता थे. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पचम्बा थाना में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी. इसके बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया.
मंगलवार शाम बैंक ऑफ इंडिया के ट्रेनिंग सेंटर के पीछे शौच के लिए गए स्थानीय लोगों की नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी. सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराई.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे. शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम छा गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
Edited By Sarita





