गढ़वा: चार एकड़ जमीन के लालच में मां-बेटे ने कथित तौर पर रिश्ते का ही कत्ल कर दिया. पुलिस के अनुसार चाचा राजेंद्र यादव की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव मकई के खेत में फेंक दिया गया. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की भाभी मिला देवी और भतीजे मुन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया है.


गढ़वा एसडीपीओ दिल्लु लोहार के अनुसार राजेंद्र यादव की दो बेटियां हैं और उनके पास करीब चार एकड़ जमीन थी. पुलिस जांच में दावा किया गया है कि इसी जमीन को हासिल करने की नीयत से आरोपियों ने राजेंद्र यादव को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
वारदात के बाद राजेंद्र का शव मकई के खेत में फेंक दिया गया था. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की. तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस मां-बेटे तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन का लालच प्रमुख वजह सामने आया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. मामले में आगे का अनुसंधान जारी है.

