चांडिल: कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक के बीच विधायक सविता महतो शुक्रवार को कुकड़ू पहुंचीं और हाथी हमले में मृतक मुनि राम गोराई के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक ने मृतक के परिवार को श्राद्धकर्म के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया.

ज्ञात हो कि कुकड़ू गोराई टोला निवासी मुनि राम गोराई की बीते रविवार रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई थी. घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है. विधायक सविता महतो ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और हाथियों के उत्पात से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया. विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और वन विभाग को लगातार निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है.

इस दौरान विधायक ने पूर्व में हाथी हमले के शिकार हुए परिवारों के बीच मुआवजा राशि का भी वितरण किया. मृतक सुभद्रा महतो के परिजनों को साढ़े तीन लाख रुपए का मुआवजा चेक दिया गया, जबकि घायल बड़ालापांग निवासी सनका महतो, सिरुम निवासी भानु वाला कुम्हार और पीलीद निवासी राजू स्वासी को 25- 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई.
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ललिता राजश्री बाखला, अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी, प्रमुख प्रतिमा वाला, रेंजर विमद कुमार, वनपाल मुकेश महतो, कैलाश महतो, रतन गोराई, वन रक्षी रघुवर सिंह मुंडा, लक्खी चरण सिंह मुंडा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे.

