धनबाद: शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने और बाद में निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है. मुनीडीह की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने सरायढेला थाने में लिखित शिकायत देकर गांधीनगर निवासी अश्विनी कुमार शर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी का भरोसा देकर अलग-अलग शहरों और होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए. बाद में उसे पता चला कि संबंधित व्यक्ति पहले से शादीशुदा है.
2022 में हुई थी मुलाकात
शिकायत के मुताबिक वर्ष 2022 में हैदराबाद जाने के दौरान महिला की अश्विनी कुमार शर्मा से मुलाकात हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. महिला का आरोप है कि इसी दौरान अश्विनी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया.
इसके बाद हैदराबाद, मुंबई और धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप है. महिला का कहना है कि बाद में उसे अश्विनी के पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली. इसके बावजूद कथित तौर पर पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का आश्वासन दिया जाता रहा.
तलाक के कागजात दिखाकर दोबारा भरोसे में लेने का आरोप
पीड़िता के अनुसार जनवरी 2026 में आरोपी ने उसे तलाक से संबंधित कुछ दस्तावेज दिखाए और दोबारा शादी का भरोसा दिलाया. इसके बाद सरायढेला के एक होटल तथा बाद में दिल्ली और वृंदावन के अलग-अलग होटलों में शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप महिला ने लगाया है.
महिला का कहना है कि जब उसे लगातार किए जा रहे वादों पर संदेह हुआ तो उसने महिला थाने में शिकायत की. आरोप है कि इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई.
निजी फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि अब जब वह संबंधित व्यक्ति से दूरी बनाना चाहती है तो उसे निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया जा रहा है.
महिला का यह भी आरोप है कि उसकी कुछ निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए परिचित लोगों को भेजी गई हैं. उसने पुलिस से डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल ये सभी आरोप महिला की शिकायत पर आधारित हैं. पुलिस जांच में आरोपों की सत्यता और घटनाक्रम की पुष्टि होना बाकी है. संबंधित व्यक्ति का पक्ष भी सामने नहीं आया है.
15 दिन पहले धनसार में भी सामने आया था ब्लैकमेलिंग का मामला
धनबाद में निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का एक अन्य मामला करीब 15 दिन पहले धनसार थाना क्षेत्र में भी सामने आया था. उस मामले में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवती की निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने और बाद में उन्हें प्रसारित करने का आरोप लगा था.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार के मोतिहारी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया था. ऐसे मामलों में निजी फोटो- वीडियो, सोशल मीडिया चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य जांच की अहम कड़ी बनते हैं.

